
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी चौक में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने करीब 20 मिनट तक जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि महिला नशे की हालत में थी। इस दौरान उसने सड़क किनारे खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी और बाइक व ठेले भी पलट दिए।

महिला का गुस्सा यहीं नहीं रुका। आरोप है कि उसने आसपास मौजूद लोगों और बच्चों पर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। अचानक हुए इस हंगामे के कारण गांधी चौक पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त भी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हंगामा बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने महिला को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है और महिला के इस तरह उत्पात मचाने के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
