
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चों के अचानक लापता होने से दयालबंद के मधुबन इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों बच्चे नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी और गड्ढे वाले हिस्से में चले गए थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

लापता बच्चों की पहचान मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास अरपा नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान पानी की गहराई में जाने के बाद दोनों बहने लगे।
आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पानी में लापता हो गए। सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे। सिटी कोतवाली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर तलाश शुरू कराई।

गोताखोरों के देर से पहुंचने पर नाराजगी
हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग बच्चों की तलाश में तेजी लाने की मांग करते रहे। लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद गोताखोरों के पहुंचने में काफी समय लगा। करीब सवा घंटे तक इंतजार के बाद भी गोताखोरों के नहीं पहुंचने को लेकर मौके पर नाराजगी देखी गई।
फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश की जा रही है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और परिजन बच्चों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
