
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कार शोरूम के पास होर्डिंग पोल से एक युवक का शव लटका मिला। युवक का शव गमछे के सहारे लटका हुआ था। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है, हालांकि अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच के दौरान उसके सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं। इसी वजह से पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर हर एंगल से जांच कर रही है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियों को लेकर अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां कब और कैसे पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने मृतक की पहचान और मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या युवक की मौत के पीछे कोई आपराधिक घटना है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
