
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में युवती से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि गरबा कार्यक्रम में जाने के लिए ऑटो में बैठी युवती को चालक कार्यक्रम स्थल तक ले जाने के बजाय बहाने से सुनसान इलाके में ले गया। वहां डराने-धमकाने और मुंह दबाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गरबा स्थल पहुंचने से पहले बदला रास्ता
पुलिस के मुताबिक घटना 27 सितंबर की है। युवती नीले रंग के इलेक्ट्रॉनिक ऑटो CG 10 BU 9563 से कुंदन पैलेस में आयोजित गरबा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ था। इसी दौरान ऑटो चालक ने उसे घुमाने की बात कही और युवती को दोबारा ऑटो में बैठा लिया। आरोप है कि चालक उसे FCI चौक के आगे रेलवे डिपो के गेट नंबर-3 के पास सुनसान इलाके में ले गया। वहां युवती को डराने-धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस को देखकर भागा आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा
घटना के बाद युवती ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी करन दरमे, निवासी सरकंडा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गरबा सीजन में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद गरबा और नवरात्रि आयोजनों के दौरान युवतियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खासकर कार्यक्रम स्थल से आने-जाने वाले रास्तों और सुनसान इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग को लेकर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत सामने आई है। देर रात तक चलने वाले आयोजनों के दौरान सार्वजनिक परिवहन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था भी अहम मानी जा रही है।
