
कोरबा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से रायपुर लौट रहे एक यात्री के बैग से 7.50 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बस देर रात कोरबा जिले के मोरगा स्थित जायसवाल ढाबे पर रुकी थी। इसी दौरान रकम चोरी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। रायपुर पहुंचने के बाद बैग खोलने पर यात्री को चोरी का पता चला।

दरअसल, रायपुर के बरसाना इन्क्लेव, महोबा बाजार निवासी हरीश अग्रवाल अपनी मां से मिलने अंबिकापुर गए थे। वापसी में वह दुबे बस सर्विस की बस से रायपुर के लिए रवाना हुए। हरीश के मुताबिक, उनके भाई मनीष अग्रवाल ने रायपुर के एक व्यापारी को देने के लिए उन्हें 10 लाख रुपये दिए थे। रकम को उन्होंने बैग में कपड़ों के नीचे रखा था।

रात करीब 1 बजे बस मोरगा के जायसवाल ढाबे पर खाना खाने के लिए रुकी। हरीश भी बस से उतरकर खाना खाने गए और फिर वापस अपनी सीट पर आकर बैठ गए। रायपुर पहुंचने के बाद जब उन्होंने बैग खोला तो कपड़े अस्त-व्यस्त मिले। बैग में रखे 10 लाख रुपये में से सिर्फ 2.50 लाख रुपये ही मिले, जबकि 7.50 लाख रुपये गायब थे।

इसके बाद हरीश ने अपने भाई को घटना की जानकारी दी और आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बस में सफर करने वाले यात्रियों और मोरगा में बस रुकने के दौरान की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल चोरी की वारदात को लेकर जांच जारी है।
