
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत केलो विहार इलाके में एक किराये के मकान में संचालित कथित देह व्यापार का खुलासा करते हुए 52 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में किराये का मकान लेकर युवती के माध्यम से अनैतिक गतिविधियां संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।

ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिसकर्मी, इशारा मिलते ही मकान पर छापा
पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए रणनीति बनाई। इसके तहत एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा गया। जैसे ही अंदर से निर्धारित संकेत मिला, बाहर तैनात पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दे दी। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मिला। वहीं, एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुईं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में युवती ने आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे इस गतिविधि में शामिल करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मौके से 2 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी गोविंद साहू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा सहित चक्रधरनगर पुलिस की टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
