
जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर अनजान युवती से दोस्ती करना जांजगीर-चांपा के एक युवक को भारी पड़ गया। स्नैपचैट पर शुरू हुई बातचीत के बाद युवती ने युवक को मिलने के बहाने आधी रात को बुलाया। युवक जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद पांच युवक भी आ गए। इसके बाद आरोपियों ने युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की और चाकू की नोक पर 60 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आधी रात को मिलने पहुंचा था युवक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित मनीष वर्मा की पहचान स्नैपचैट के जरिए जांजगीर-चांपा क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान युवती लगातार युवक को चांपा में मिलने के लिए बुला रही थी। 4 नवंबर को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य गेट पर छोड़ दिया और खुद कार लेकर आगे चला गया। रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह लोग कार के नजदीक पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से उसकी पिटाई की।

चाकू दिखाकर नकदी और सोने की अंगूठी लूटी
आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास रखे 60 हजार रुपये नकद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूट ली। मोबाइल भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान युवती की भी इस पूरी वारदात में संलिप्तता सामने आई।

युवती समेत छह आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए एक युवती सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 308(2), 111(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमित राठौर (21), रवि झलरिया (24), किशन कर्ष (21), कुनाल पाण्डेय (20), मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19) और रायगढ़ जिले की एक युवती शामिल है।
पुलिस ने नकदी, मोबाइल और दो बाइक की जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नकद, मोबाइल और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। शेष लूट की रकम और अन्य सामान के संबंध में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस की लोगों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती और बातचीत करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि बिना पहचान और पूरी जानकारी की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने नहीं जाना चाहिए।
