
बिलासपुर। बिलासपुर में गरबा उत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार पंखीड़ा 2026 में गरबा की ताल के साथ बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा का तड़का भी देखने को मिलेगा। आयोजकों ने मेगा आर्टिस्ट रिवील कार्यक्रम में अभिनेता रवि किशन और सोनल चौहान के नामों का ऐलान किया है।

रविवार को रॉयल कोच रेस्टोरेंट, उसलापुर में आयोजित मेगा आर्टिस्ट रिवील कार्यक्रम में पंखीड़ा सीजन-4 के कलाकारों की घोषणा की गई। प्रजाराज्यम् की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थापक आकाश सिंह ने मेगा कलाकारों के नाम सामने रखे।

दो दिन चलेगा गरबा और मनोरंजन का कार्यक्रम
पंखीड़ा 2026 का आयोजन 12 और 13 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन भवन, फॉर्च्यून एलिमेंट्स, रायपुर रोड, बिलासपुर में होगा। दो दिनों तक यहां गरबा, डांडिया, लाइव म्यूजिक, डांस और सेलिब्रिटी परफॉर्मेंस का रंग देखने को मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक इस बार आयोजन को पहले से ज्यादा भव्य बनाने की तैयारी है। खास गरबा सेटअप और लाइव म्यूजिक के साथ सेलिब्रिटी की मौजूदगी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी।

रवि किशन के देसी अंदाज पर रहेगी नजर
रवि किशन भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के चर्चित चेहरों में शामिल हैं। अपने देसी अंदाज और दमदार मंचीय उपस्थिति के लिए पहचाने जाने वाले रवि किशन पंखीड़ा के मंच पर अलग रंग जोड़ सकते हैं।

वहीं अभिनेत्री सोनल चौहान की मौजूदगी आयोजन में ग्लैमर और मनोरंजन का तड़का लगाएगी। दोनों सितारों के नाम सामने आने के बाद शहर के गरबा प्रेमियों में कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
तीन पीढ़ियां एक साथ थिरकेंगी
पंखीड़ा की पहचान सिर्फ गरबा और सेलिब्रिटी कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। आयोजकों का दावा है कि यह ऐसा पारिवारिक आयोजन है, जहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ डांडिया की ताल पर नजर आते हैं।
भारतीय संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता और मनोरंजन को एक मंच पर लाने की कोशिश के साथ पंखीड़ा 2026 को इस बार सेंट्रल इंडिया के बड़े गरबा आयोजनों में शामिल करने की तैयारी की जा रही है।
अब 12 और 13 अक्टूबर को बिलासपुर में गरबा की ताल पर रवि किशन का देसी अंदाज और सोनल चौहान की मौजूदगी कितना रंग जमाती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
