Homeअपराधसड़क हादसों से हाहाकार! 3 हादसे, 4 मौतें, महिला की मौत से...

सड़क हादसों से हाहाकार! 3 हादसे, 4 मौतें, महिला की मौत से भड़का, क्रशर में आगजनी; तहसीलदार-TI-SDOP को बनाया बंधक…

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों ने तीन जगहों पर हंगामा खड़ा कर दिया। सूरजपुर, अंबिकापुर और कोरबा में हुए तीन अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। कहीं सड़क पर बांधी गई रस्सी युवक की मौत की वजह बनी, तो कहीं तेज रफ्तार वाहन ने महिलाओं की जान ले ली। सूरजपुर में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने कथित अवैध क्रशर में आग लगा दी और मौके पर पहुंचे तहसीलदार, एसडीओपी व थाना प्रभारी को बंधक बना लिया।

सूरजपुर- महिला की मौत के बाद नाराज ग्रामीणों ने बस्ती में चल रहे अवैध क्रशर में आग लगा दी।
सूरजपुर- महिला की मौत के बाद नाराज ग्रामीणों ने बस्ती में चल रहे अवैध क्रशर में आग लगा दी।

सूरजपुर: ट्रैक्टर ने महिला को कुचला, भड़के ग्रामीणों ने क्रशर में लगाई आग

सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में शनिवार रात सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद तनाव की स्थिति बन गई। महिला बिहारपुर चौक से पूजा का सामान लेकर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान गिट्टी से लदे एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। महिला की मौत से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने बस्ती में संचालित कथित अवैध क्रशर में आग लगा दी। स्थिति संभालने पहुंचे तहसीलदार, एसडीओपी और थाना प्रभारी को भी ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। घटना की सूचना जिला और पुलिस प्रशासन तक पहुंचने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

सूरजपुर- महिला की मौत के बाद नाराज ग्रामीणों ने बस्ती में चल रहे अवैध क्रशर में आग लगा दी।
सूरजपुर- महिला की मौत के बाद नाराज ग्रामीणों ने बस्ती में चल रहे अवैध क्रशर में आग लगा दी।

पांच घंटे तक सड़क जाम, ग्रामीणों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें

ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती में संचालित क्रशर और भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। महिला की मौत के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने क्रशर हटाने, फरार ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार करने और मृतक महिला के परिजनों को मुआवजा देने की मांग रखी। करीब पांच घंटे तक चले चक्काजाम से सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।

अंबिकापुर में रस्सी में फंसकर बाइक सवार फैजान की हुई मौत।
अंबिकापुर में रस्सी में फंसकर बाइक सवार फैजान की हुई मौत।

अंबिकापुर: जगराते की रस्सी बनी मौत की वजह

अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जगराता कार्यक्रम के लिए सड़क पर बांधी गई रस्सी बाइक सवार युवक के गले में फंस गई। इससे उसकी श्वासनली कट गई और उसकी मौत हो गई। बाइक पर सवार उसका साथी घायल हो गया। हादसे का वीडियो भी सामने आने की जानकारी है। घटना से नाराज मृतक के परिजन और समुदाय के लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने आयोजन समिति के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

कोरबा में जसगीत गाने जा रही महिलाओं को मारी टक्कर।
कोरबा में जसगीत गाने जा रही महिलाओं को मारी टक्कर।

कोरबा: जसगीत गाने जा रही महिलाओं को बुलेट ने मारी टक्कर, दो की मौत

कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र के गोपालपुर में शुक्रवार रात तेज रफ्तार बुलेट ने जसगीत गाने जा रही महिलाओं की टोली को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला और बुलेट सवार तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद गांव में चल रहे डांडिया और जसगीत के कार्यक्रम बंद करने पड़े।

तीन हादसे, चार मौतें और कई सवाल:

छत्तीसगढ़ में इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की आवाजाही और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूरजपुर में ग्रामीणों का गुस्सा सड़क हादसे से आगे बढ़कर प्रशासनिक कार्रवाई और क्रशर संचालन के विरोध तक पहुंच गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts