
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बीजेपी के एक स्थानीय नेता का कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वायरल वीडियो में नेता डांस कर रही युवती के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते और नोट उड़ाते नजर आ रहे हैं। एक अन्य वीडियो में युवती को जबरन किस करते दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान महादेवडांड मंडल के बीजेपी उपाध्यक्ष और उपसरपंच जगेश्वर यादव के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पिछले साल के आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का बताया जा रहा वीडियो
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो पिछले साल आयोजित एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का बताया जा रहा है। वीडियो में कथित तौर पर बीजेपी नेता डांस कर रही युवती के पास बैठकर नोट उड़ाते और उसकी गोद में सिर रखते दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में युवती के साथ उनके व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
बीजेपी में कार्रवाई की चर्चा
मामले के सामने आने के बाद बीजेपी की ओर से कार्रवाई किए जाने की चर्चा है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि पार्टी ने मामले को संज्ञान में लिया है और संबंधित नेता को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, नोटिस जारी होने और संभावित कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फिलहाल, इस मामले में जगेश्वर यादव का पक्ष सामने नहीं आया है। उनके बयान और पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
