
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में अंतिम संस्कार के बाद एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में एक वृद्धा की चिता अभी जल ही रही थी कि अचानक एक ऑटो पीछे की ओर लुढ़कते हुए उसमें जा घुसा। देखते ही देखते ऑटो आग की लपटों में घिर गया। हादसे में ऑटो सवार मामा-भांजे झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।

स्टार्ट करते ही पीछे चल पड़ा ऑटो
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक निवासी दशरथ सिंह राजपूत ऑटो चलाते हैं। उनके भांजे शैलेंद्र सिंह कोरबा के इमलीडुग्गू में रहते हैं। शुक्रवार को मंगला के धुरीपारा निवासी उनकी एक रिश्तेदार वृद्धा की तबीयत खराब होने के बाद मौत हो गई थी।

इसकी सूचना मिलने पर दोनों अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद मामा-भांजे ऑटो से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ऑटो बैक गियर में लगी हुई थी। दशरथ ने जैसे ही ऑटो स्टार्ट कर आगे बढ़ाने की कोशिश की, वाहन आगे जाने के बजाय पीछे की ओर लुढ़कने लगा और सीधे जलती चिता में जा घुसा।

आग की चपेट में आया पूरा ऑटो
अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में सवार दशरथ और शैलेंद्र किसी तरह बाहर निकले, लेकिन तब तक आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया था। कुछ ही देर में ऑटो पूरी तरह जल गया। हादसे में झुलसे मामा-भांजे को इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। अंतिम संस्कार के दौरान हुई इस अप्रत्याशित घटना से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
