
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मौसम के बदलते मिजाज और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार, 29 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश सरकारी और निजी, दोनों तरह के स्कूलों पर लागू होगा।

मौसम की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट
जिले में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के आधार पर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, आवागमन में परेशानी और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

पहली से 12वीं तक के स्कूल रहेंगे बंद
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 29 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में छुट्टी रहेगी। प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर तक के विद्यार्थियों पर यह आदेश लागू होगा। संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों को आदेश की जानकारी देते हुए इसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए अभिभावकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें। मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।
