
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। राजनांदगांव से बालोद आ रही आनंद कंपनी की यात्री बस ग्राम मालीघोरी के पास अचानक आग की चपेट में आ गई। बस में आग लगते ही अंदर और डिक्की में रखे पटाखे फूटने लगे। एक के बाद एक हुए धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगते ही मच गई अफरा-तफरी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस ग्राम मालीघोरी के पास पहुंची थी, तभी अचानक उसमें आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी और बस में रखे पटाखे गर्मी के कारण फूटने लगे। लगातार हो रहे धमाकों के बीच यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने तत्काल बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।

पटाखों के धमाकों से सड़क पर थम गए वाहन
बस में रखे पटाखों के लगातार फूटने से घटनास्थल पर दहशत का माहौल बन गया। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दमकल पहुंची, तब तक जल चुकी थी पूरी बस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि रात करीब 8:30 बजे तक बस आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल चुकी थी। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में यात्रियों की जान बचने को बड़ी राहत माना जा रहा है।
