Homeअन्य खबरेभूपेश बघेल का BJP पर बड़ा हमला! बोले- आज चुनाव हुए तो...

भूपेश बघेल का BJP पर बड़ा हमला! बोले- आज चुनाव हुए तो एक इनोवा में सिमट जाएगी भाजपा…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर एक साथ निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार चुनाव में हार के बाद अब वे छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। बघेल ने दावा किया कि अगर आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा एक इनोवा में सिमट जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि 15 नवंबर को छठ पूजा है, ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा इसी दिन क्यों रखा गया है?

मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, 25 हजार वोटर प्रभावित

भूपेश बघेल ने नगरीय निकाय चुनाव की मतदाता सूची को लेकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 23 अक्टूबर को प्रकाशित मतदाता सूची में कई मतदाताओं के नाम इधर से उधर कर दिए गए। कांग्रेस की आपत्ति के बाद सुधार के लिए समय बढ़ाया गया, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो सके। बघेल के मुताबिक, अकेले भिलाई में करीब 5 हजार और पूरे प्रदेश में लगभग 25 हजार नए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रह गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जेन-जी यानी युवा मतदाताओं के वोट से डर रही है। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तारीख 11 नवंबर निर्धारित थी।

42 कार्यदिवस में कैसे होगी पूरी धान खरीदी?

धान खरीदी को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि जब धान खरीदी के लिए केवल 42 कार्यदिवस बचे हैं, तो प्रदेश के सभी किसानों का धान निर्धारित समय में कैसे खरीदा जाएगा? सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि तय अवधि में धान नहीं बेच पाने वाले किसानों के लिए क्या व्यवस्था होगी। बघेल ने मुख्यमंत्री की आदान राशि संबंधी घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को आदान सहायता दी जाती थी।

पटवारी हड़ताल पर सरकार से मांगा जवाब

पटवारियों की हड़ताल को लेकर भी बघेल ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम में सुधार, राजस्व संबंधी काम और रिकॉर्ड अपडेट करने जैसी कई प्रक्रियाएं पटवारियों के माध्यम से होती हैं। ऐसे में जब पटवारी हड़ताल पर हैं, तो किसानों के दस्तावेजों और रिकॉर्ड में सुधार कौन करेगा? सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

जातिगत जनगणना पर भी केंद्र को घेरा

जनगणना-2027 में जातिगत गणना के मुद्दे पर बघेल ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जातिगत जनगणना को लेकर जो बातें कह रहे हैं, उनका स्पष्ट उल्लेख राजपत्र में नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि ओबीसी वर्ग की गणना को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं है। बघेल ने मांग की कि आगामी जनगणना में ओबीसी वर्ग की गणना सुनिश्चित की जाए। साथ ही एससी-एसटी वर्ग के ओबीसी लोगों को भी गणना में शामिल करने की मांग उठाई।नभूपेश बघेल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से लेकर मतदाता सूची, धान खरीदी, पटवारियों की हड़ताल और जातिगत जनगणना तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts