
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अलाव तापने के दौरान लकड़ी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और चाकूबाजी तक पहुंच गई। इस घटना में 19 वर्षीय युवक मयंक ध्रुव की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के डीएलएस कॉलेज के पीछे स्थित अटल आवास के डी ब्लॉक की है।

जानकारी के मुताबिक, रात कुछ युवक मोहल्ले में अलाव जलाकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान लकड़ी फोड़ने और आग जलाने के लिए लकड़ी लेने की बात पर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान चाकू निकल आया और दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी हुई। इस दौरान अटल आवास निवासी मयंक ध्रुव (19), पिता श्रवण ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक ने भी चाकू से किया हमला, दूसरे पक्ष के दो युवक घायल
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान मयंक ने भी चाकू छीनकर दूसरे पक्ष के युवकों पर हमला किया था। इस घटना में गोपाल नामक युवक समेत दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों पक्षों पर FIR, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विवाद की शुरुआत कैसे हुई, चाकू किसके पास था और मारपीट के दौरान किसकी क्या भूमिका रही, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
