
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर साथ में खिंची तस्वीरें वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से कथित तौर पर 2 लाख रुपये की वसूली करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, खपरगंज कल्लू बाड़ा निवासी 28 वर्षीय सूर्या सोनी ने 18 नवंबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि प्राची कश्यप (20) पहले उसकी दुकान में काम करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और मोबाइल पर बातचीत व चैटिंग शुरू हो गई। परिचय बढ़ने के बाद दोनों ने साथ में कुछ तस्वीरें भी खिंचवाई थीं।

आरोप है कि बाद में युवती इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवक से पैसों की मांग करने लगी। इतना ही नहीं, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर भी दबाव बनाया गया। सामाजिक बदनामी के डर से युवक ने कथित तौर पर 2 लाख रुपये ऑनलाइन और नकद के रूप में दे दिए।

पैसे देने के बाद भी जारी रही मांग
शिकायत के अनुसार, रकम लेने के बाद भी युवती की मांग बंद नहीं हुई। वह बार-बार फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए और पैसे मांग रही थी। पैसे नहीं देने पर आत्महत्या करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 692/26 के तहत बीएनएस की धारा 308(2), 296 और 351(3) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राची कश्यप को 18 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरों या वीडियो के नाम पर धमकी देकर पैसे मांगने की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस से शिकायत करें।
