
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म हो गया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च 2027 से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी। वहीं, 10वीं बोर्ड की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएगी। मंडल के मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र में पहुंचना अनिवार्य होगा।

12वीं बोर्ड का पूरा शेड्यूल
कक्षा 12वीं की परीक्षाओं की शुरुआत 12 मार्च को हिंदी विषय के पेपर से होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखाशास्त्र सहित अन्य विषयों की परीक्षा होगी। 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित, 31 मार्च को अंग्रेजी और 3 अप्रैल को इतिहास एवं व्यवसाय अध्ययन की परीक्षा होगी। 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विषय, 7 अप्रैल को विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं और 8 अप्रैल को मनोविज्ञान का पेपर आयोजित किया जाएगा।

10वीं बोर्ड की परीक्षा 13 मार्च से
10वीं बोर्ड परीक्षा का आगाज 13 मार्च को तृतीय भाषा के पेपर से होगा। इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान और 20 मार्च को विज्ञान की परीक्षा होगी।विद्यार्थियों के लिए 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित का पेपर निर्धारित किया गया है। वहीं, 1 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा होगी। 5 अप्रैल को दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए संगीत और मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

परीक्षा केंद्र में कब पहुंचना होगा?
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा को लेकर समय संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसके अनुसार विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी जगह लेनी होगी। सुबह 9:05 बजे उत्तरपुस्तिकाएं और 9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक विद्यार्थी उत्तर लिख सकेंगे।

शारीरिक प्रशिक्षण परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी
मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 के प्रथम और द्वितीय वर्ष का टाइम टेबल भी जारी किया है। प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से 19 मार्च तक और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित होंगी।
वेबसाइट पर देख सकेंगे पूरा टाइम टेबल
मंडल ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में परीक्षा की तिथि और समय में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, परीक्षा अवधि में सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।
विद्यार्थी और अभिभावक विषयवार विस्तृत समय-सारणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।
