
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। गर्ल्स हॉस्टल के पास पहुंचे कुछ बदमाशों ने पटाखे जलाकर फेंके और पत्थरबाजी कर खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की देर रात कुछ युवक कॉलेज परिसर में गर्ल्स हॉस्टल के आसपास पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर हुड़दंग मचाया। आरोप है कि युवकों ने पटाखे जलाकर फेंके। इतना ही नहीं, पत्थर मारकर खिड़कियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की हरकतें कैद होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। घटना में शामिल लोगों की पहचान और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
