
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3,200 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को दुबई में गिरफ्तार किए जाने के बाद अब भारत लाने की तैयारी तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, यूएई सरकार उसे भारत डिपोर्ट करने की प्रक्रिया में जुटी है। अगले एक सप्ताह के भीतर उसे रायपुर लाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

सुब्बू को लाने यूएई जाएगी अधिकारियों की टीम
सूत्रों के अनुसार, एसीबी-ईओडब्ल्यू के प्रमुख समेत तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों की विशेष टीम जल्द ही संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) रवाना होगी। विदेश यात्रा और कानूनी औपचारिकताओं से जुड़े दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। रायपुर पहुंचने के बाद एजेंसी उससे कथित शराब सिंडिकेट, अवैध वसूली और पैसों के लेन-देन को लेकर पूछताछ करेगी।

छोटे ठेकेदार से शराब सिंडिकेट के कथित मैनेजर तक पहुंचा
जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल ने अपने कारोबारी सफर की शुरुआत वर्ष 2014-15 में नाली और सड़क निर्माण के छोटे ठेकों से की थी। बाद में होटल कारोबारी अनवर ढेबर से उसकी नजदीकियां बढ़ीं और वह कथित शराब सिंडिकेट का अहम हिस्सा बन गया। आरोप है कि शराब कारोबार में डिस्टिलरी संचालकों और एफएल-10ए लाइसेंसधारकों से कमीशन वसूली का हिसाब रखने की जिम्मेदारी सुब्बू के पास थी। सिंडिकेट की कथित अवैध कमाई के अलग-अलग हिस्सों का हिसाब-किताब भी वही संभालता था।

बोरियों में रखी जाती थी वसूली की रकम, खरीदे गए फ्लैट
ईडी की जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, अवैध वसूली की रकम बोरियों और कार्टून में रखी जाती थी। नकदी छिपाने के लिए रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसाइटी में दो फ्लैट खरीदे जाने की बात भी सामने आई है। जांच एजेंसी के अनुसार, 3 मई को बिलासपुर में उसके भाई विवेक अग्रवाल के घर हुई तलाशी के दौरान सोना, चांदी और नकदी बरामद हुई थी। आरोप है कि यह संपत्ति कथित तौर पर अवैध कमाई से जुड़ी थी।
1200 करोड़ रुपये दुबई भेजने का आरोप
जांच में विकास अग्रवाल पर करीब 1,200 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दुबई पहुंचाने का आरोप है। बताया जाता है कि वह जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते विदेश चला गया था। बाद में उसने अपने परिवार को भी यूएई बुला लिया था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को विदेश में कथित तौर पर भेजी गई रकम और उसके लाभार्थियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
शराब घोटाले में कई बड़े नाम जांच के दायरे में
कथित शराब घोटाले में तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, अनवर ढेबर, पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, सौम्या चौरसिया, एपी त्रिपाठी, निरंजन दास, चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल समेत कई लोगों के नाम जांच में सामने आ चुके हैं। अब विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने की प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं। उससे होने वाली पूछताछ में कथित शराब सिंडिकेट के नेटवर्क, अवैध कमाई और विदेश में पैसों के लेन-देन से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
