
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीने से मना करने पर 40 वर्षीय बेटे ने अपने ही 62 साल के पिता की हत्या कर दी। घटना खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानी सागर की है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम रानी सागर निवासी राजकुमार गिरी को शराब पीने की आदत थी। उसके पिता धरम गिरी अक्सर उसे शराब पीने से मना करते थे। मंगलवार रात भी इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राजकुमार ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से पिता के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। हमले में धरम गिरी की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और FSL टीम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद खरसिया पुलिस और FSL की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी राजकुमार गिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शराब बनी विवाद की वजह
खरसिया SDOP सतीश भार्गव के मुताबिक, शुरुआती जांच में शराब पीने से रोकने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान बेटे ने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
