Homeअपराधबेटी ने फोन पर रोते हुए कहा- मां, मेरे साथ मारपीट हो...

बेटी ने फोन पर रोते हुए कहा- मां, मेरे साथ मारपीट हो रही है… कुछ घंटे बाद मिली मौत की खबर, युवक पर हत्या का आरोप…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मां का दावा है कि घटना से पहले बेटी ने फोन कर रोते हुए मारपीट की जानकारी दी थी। बाद में युवक ने अस्पताल में भर्ती कराने और फिर फांसी लगाने की बात कही। किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

मां का आरोप- बेटी ने फोन पर रोते हुए बताई मारपीट की बात

घुरु निवासी मीना डहरिया रोजी-मजदूरी कर परिवार चलाती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी आरुषि एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। बुधवार सुबह वह रोज की तरह काम पर निकली थी। दोपहर में मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने मैसेज कर उसे मिलने बुलाया। मां के मुताबिक, कुछ देर बाद आरुषि ने उन्हें फोन किया, लेकिन वह काम में व्यस्त होने के कारण कॉल नहीं उठा सकीं। बाद में जब उन्होंने बेटी को फोन किया, तो आरुषि रोते हुए कहने लगी कि युवक उसके साथ मारपीट कर रहा है। घबराहट में वह अपनी लोकेशन भी नहीं बता सकी।

दुर्गेश पर आरोप है कि उसने आरुषी को अस्पताल में भर्ती किया था।
दुर्गेश पर आरोप है कि उसने आरुषी को अस्पताल में भर्ती किया था।

शाम को युवक ने फोन कर दी अस्पताल की जानकारी

मीना के अनुसार, शाम करीब 6 बजे दुर्गेश ने फोन कर बताया कि आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद उसने दोबारा कॉल कर किशोरी के फांसी लगाने की बात कही और सिम्स लाने की जानकारी दी। रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से परिजनों को आरुषि की मौत की सूचना मिली।

17 साल की किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
17 साल की किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा

बेटी का शव देखने के बाद मां ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आरुषि के शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। मां ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के मुताबिक, परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उन्होंने युवक पर मारपीट और हत्या के आरोप लगाए हैं। किशोरी का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किशोरी की मौत के मामले में पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts