
बिलासपुर। पत्रकार कॉलोनी बिरकोना में विकास कार्यों को गति देने और पत्रकारों के हित में किए गए प्रयासों के लिए पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं वर्तमान उपाध्यक्ष इरशाद अली को छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक सम्मेलन में सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।

26 नवंबर को बिलासपुर के लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में प्रदेशभर से पत्रकार और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुशांत शुक्ला, संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द अवस्थी, प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई, रवि शुक्ला और राजेश मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। सम्मेलन में पत्रकारिता के सामने मौजूद चुनौतियों, पत्रकारों के अधिकारों, संगठन की मजबूती और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा की गई। इसी दौरान पत्रकार कॉलोनी बिरकोना में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों में योगदान के लिए इरशाद अली को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकार कॉलोनी के विकास के लिए इरशाद अली की सक्रियता और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हाल ही में पत्रकार कॉलोनीवासियों के लिए स्वीकृत 14 करोड़ 14 लाख रुपये की सड़क परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस सम्मान पर उपस्थित पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने भी इरशाद अली को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पूर्व सचिव दिलीप यादव, जेपी अग्रवाल, लोकेश वाघमारे, मनीष शर्मा, विनय मिश्रा, संजीव सिंह, जियाउल्लाह खान, गंगा मानिकपुरी और संतोष सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
