Homeअन्य खबरेदूसरे पुरुष से फोन पर बात, घर पर मुलाकात... हाईकोर्ट ने माना...

दूसरे पुरुष से फोन पर बात, घर पर मुलाकात… हाईकोर्ट ने माना मानसिक क्रूरता, पति को मिली तलाक की मंजूरी…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक अहम मामले में फैसला सुनाते हुए कहा है कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना, उससे मिलना और पति की अनुपस्थिति में उसे घर बुलाना मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आ सकता है। इसके लिए विवाहेतर शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना अनिवार्य नहीं है।

जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने इस मामले में फैमिली कोर्ट के पुराने फैसले को पलटते हुए पति की तलाक याचिका स्वीकार कर ली। कोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की है।

1994 में हुई थी शादी, तीन बच्चे भी हैं

मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती से जुड़ा है। दोनों की शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी का एक अन्य पुरुष से करीबी संपर्क है। विरोध करने के बावजूद पत्नी उससे फोन पर बातचीत करती थी और मिलना-जुलना जारी रखती थी। पति का कहना था कि इन गतिविधियों के कारण उसका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ।

फैमिली कोर्ट ने खारिज कर दी थी तलाक की अर्जी

पति ने इन्हीं आरोपों के आधार पर फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। हालांकि, 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने का हवाला देते हुए याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

बेटे-बेटी की गवाही को भी माना अहम

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान पति के साथ बेटे और बेटी के बयान भी सामने आए। उन्होंने घर के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति के घर आने और पत्नी से मिलने की जानकारी दी। डिवीजन बेंच ने गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करते हुए पाया कि फैमिली कोर्ट ने मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर उचित विचार नहीं किया था।

शारीरिक संबंधों का सबूत होना जरूरी नहीं

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि मानसिक क्रूरता साबित करने के लिए हर बार शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण जरूरी नहीं होता। पति की आपत्ति के बावजूद किसी अन्य पुरुष से लगातार बातचीत करना, उससे मिलना, उसकी घर पर मौजूदगी और साथ बाहर जाना जैसे तथ्यों को भी समग्र परिस्थितियों के आधार पर परखा जाना चाहिए। इन्हीं तथ्यों और साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट का फैसला निरस्त कर पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts