
रायपुर। महादेव सट्टा एप से जुड़े कथित अवैध कारोबार और उससे अर्जित रकम के निवेश की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को ईडी की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, भिलाई और धमतरी में कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई से कारोबारी और सरकारी महकमे में हलचल मच गई है। ईडी की टीम ने भिलाई में रोहन पार्क होटल के मालिक रोहन कुकरानी के घर और होटल में तलाशी ली। वहीं, रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेंद्र सिंह के आवास पर भी जांच की गई।

होटल कारोबार में निवेश की जांच
महादेव सट्टा एप मामले में रोहन कुकरानी का नाम सामने आने के बाद ईडी उनके होटल कारोबार में हुए निवेश की पड़ताल कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में लगाया गया पैसा कहां से आया और क्या इसका संबंध सट्टा नेटवर्क से है। दूसरी ओर, सरकारी कर्मचारी राजेंद्र सिंह के ठिकाने पर भी वित्तीय दस्तावेज, संपत्ति और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। जांच एजेंसी संबंधित लोगों की आय, निवेश और कारोबारी संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

म्यूजिक कंपनी के निवेश पर भी नजर
इस जांच का दायरा केवल होटल कारोबार तक सीमित नहीं है। म्यूजिक कंपनी ओसीएम रिकॉर्ड में हुए निवेश और वित्तीय लेनदेन भी ईडी की जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। एजेंसी कंपनी में लगाए गए पैसों के स्रोत और महादेव सट्टा नेटवर्क से संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है।

60 करोड़ के हवाला और 200 करोड़ के निवेश की कड़ियां तलाश रही ED
जांच में वकील हिमांशु शेखर की भूमिका और कारोबारी नेटवर्क से उनके कथित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। पूरे मामले में करीब 60 करोड़ रुपये के कथित हवाला लेनदेन और 200 करोड़ रुपये के निवेश के बीच संभावित संबंधों को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल तीन शहरों में हुई छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। ईडी की जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि महादेव सट्टा से अर्जित कथित अवैध रकम किन कारोबारों में निवेश की गई और उसे वैध दिखाने के लिए किन माध्यमों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ है और संबंधित लोगों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होगी, इसे लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
