
भिलाई। नगर निगम में करीब 3.15 करोड़ रुपये के पेवर ब्लॉक निर्माण कार्यों में कथित गड़बड़ी का मामला अब चर्चा में है। जांच शुरू होने और जिम्मेदार अधिकारियों से रिकवरी की कार्रवाई आगे बढ़ने से उत्साहित वार्ड क्रमांक-15 के पार्षद संतोष मौर्य शुक्रवार को अनोखे अंदाज में निगम की सामान्य सभा में पहुंचे। दूल्हे की तरह सजे-धजे मौर्य घोड़े पर सवार होकर निगम कार्यालय पहुंचे तो उन्हें देखकर लोग हैरान रह गए। पार्षद संतोष मौर्य ने अपने इस अनोखे अंदाज को जनहित के मुद्दे पर मिली सफलता का जश्न बताया। उनका कहना था कि लंबे समय से वे पेवर ब्लॉक निर्माण कार्यों में हुई कथित अनियमितताओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। अब जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई और रिकवरी के आदेश जारी होना जनता की जीत है।

कलेक्टर तक पहुंचा था मामला
दरअसल, नगर निगम भिलाई में लगभग 3.15 करोड़ रुपये के पेवर ब्लॉक कार्यों में अनियमितता की शिकायत पार्षद संतोष मौर्य ने उठाई थी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिंह और अन्य पार्षदों ने भी कलेक्टर से शिकायत की। कलेक्टर के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जांच की। नगर निगम प्रशासन ने भी अपने स्तर पर जांच कराई। जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों से राशि की रिकवरी के आदेश जारी किए गए।

हाईकोर्ट ने रिकवरी पर लगाई रोक
हालांकि, रिकवरी के आदेशों को चुनौती देते हुए निगम के कुछ इंजीनियरों ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर हाईकोर्ट ने फिलहाल रिकवरी की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। इसके बावजूद जांच और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया को लेकर पार्षद संतोष मौर्य उत्साहित नजर आए।
घोड़े पर निगम पहुंचने की दिनभर चर्चा
शुक्रवार को दूल्हे के अंदाज में घोड़े पर सवार होकर सामान्य सभा में पहुंचे पार्षद निगम परिसर में आकर्षण का केंद्र बने रहे। उनके इस अनोखे प्रदर्शन को लेकर दिनभर चर्चा होती रही। मौर्य ने साफ कहा कि यह किसी निजी खुशी का जश्न नहीं, बल्कि जनता के पैसे से जुड़े मामले में कार्रवाई की शुरुआत की खुशी है।
