
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने का शौक अब कानून के लिए चुनौती बनता जा रहा है। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में एक युवक का चाकू लहराते हुए वीडियो सामने आया है। युवक ने हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की, जो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। वायरल वीडियो में युवक खुलेआम चाकू का प्रदर्शन करते नजर आ रहा है। रील के जरिए धमकी भरा अंदाज दिखाने की बात भी सामने आई है। वीडियो सामने आने के बाद युवक की हरकतों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता देखी जा रही है।

रील के जरिए इलाके में रौब जमाने की कोशिश
शहर में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर खुद को दबंग दिखाने का चलन लगातार सामने आ रहा है। कुछ युवक चाकू और अन्य धारदार हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। ऐसी रीलों के जरिए इलाके में अपनी धाक जमाने और लोगों के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने लिया संज्ञान, पहचान की जांच
वायरल वीडियो को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। वीडियो की जांच कर युवक की पहचान और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि होने के बाद संबंधित युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी सामने आ चुके हैं हथियारों के साथ वीडियो
बिलासपुर में इससे पहले भी सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करते हुए वीडियो वायरल होने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। नाबालिगों के शामिल होने पर परिजनों को बुलाकर समझाइश भी दी गई थी।
इसके बावजूद हथियारों के साथ रील बनाने की घटनाएं सामने आना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। अब सरकंडा के इस वायरल वीडियो पर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।
