
सूरजपुर। जुआ खिलवाने और जुआरियों से कथित सांठगांठ के मामले में सूरजपुर पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में जुआ फड़ पर छापेमारी के बाद थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र सूरजपुर संबद्ध किया गया है।

दरअसल, 27 नवंबर को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर एसपी आईपीएस योगेश कुमार पटेल ने जिला स्तरीय टीम को कार्रवाई के लिए भेजा था। छापेमारी के दौरान 7 जुआरियों के कब्जे से 99,600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 7 मोबाइल फोन और अन्य जुआ सामग्री जब्त की गई।

जांच के दौरान जुआ फड़ संचालित कराने में प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल और स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत की जानकारी सामने आई। जुआ गतिविधियों पर कार्रवाई नहीं किए जाने और पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर एसपी ने सख्त कदम उठाया।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना, उप निरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक राजेश तिवारी, भीमेश रामो और राजकुमार पासवान शामिल हैं।निलंबन अवधि के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही मुख्यालय छोड़ने और कर्तव्य संबंधी गतिविधियों के लिए सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति अनिवार्य होगी।
