
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घर लौट रही 23 वर्षीय युवती के साथ मिनी बस चालक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने रास्ते में बस रोककर युवती को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की और जबरन किस किया। पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने आरोपी चालक दिलहरण पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाश्ता देने के बाद बंद कर दिए बस के दरवाजे
पीड़िता रांवाभाठा की रहने वाली है और देवेंद्र नगर स्थित एक प्रिंटिंग कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करती है। वह रोजाना काम से घर लौटने के लिए यात्री वाहनों का इस्तेमाल करती थी। कुछ दिनों से वह आरोपी चालक की मिनी बस में सफर कर रही थी। 26 नवंबर की रात करीब 7:45 बजे युवती फाफाडीह से मिनी बस में सवार होकर घर लौट रही थी। आरोप है कि भनपुरी शराब भट्ठी के पास चालक ने बस रोककर नाश्ता लाने की बात कही और कुछ देर के लिए नीचे उतर गया। वापस लौटने के बाद उसने बस के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं। इसके बाद युवती को भजिया और पानी दिया।

दोस्ती का प्रस्ताव ठुकराने पर की जबरदस्ती
शिकायत के मुताबिक, चालक ने युवती से दोस्ती करने का प्रस्ताव रखा। उसने अपनी पत्नी के साथ घूमने नहीं जाने की बात कहते हुए युवती को साथ घूमने के लिए कहा। साथ ही, अन्य यात्रियों के सामने उसे भैया कहकर बुलाने की बात भी कही। युवती ने इस प्रस्ताव को साफ तौर पर अस्वीकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद चालक ने उसे पीछे की सीट पर आने के लिए कहा। युवती के विरोध के बावजूद उसने हाथ, बांह और कमर पकड़कर जबरदस्ती की तथा उसे किस कर लिया।

सूझबूझ से बचकर घर पहुंची युवती
घटना के दौरान युवती घबरा गई, लेकिन उसने स्थिति संभालने की कोशिश की। आरोप है कि उसने चालक से अगले दिन मिलने और दोस्ती करने की बात कहकर बस से बाहर निकलने का मौका बनाया। सुरक्षित घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद मां और भाइयों के साथ खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
