
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सरकारी स्कूलों की बदहाल इमारतें कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकती हैं। कहीं कक्षाओं की छत से प्लास्टर टूटकर गिर रहा है, तो कहीं दीवारों से ईंटें निकल चुकी हैं और छत में लगी लोहे की छड़ें बाहर दिखाई दे रही हैं। इसके बावजूद बच्चे इन्हीं खस्ताहाल कमरों में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

हैरानी की बात यह है कि स्कूलों की मरम्मत के लिए सरकारी खजाने से 47 लाख रुपये से ज्यादा की राशि मंजूर की गई है। जिले के 105 स्कूलों के रखरखाव के लिए बजट जारी होने के बावजूद कई जगहों पर बदहाली जस की तस बनी हुई है। इतना ही नहीं, इसी शैक्षणिक सत्र में तोड़ने के लिए चिह्नित किए गए 134 जर्जर भवन भी अब तक परिसर में खड़े हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा?

छोटापारा स्कूल: आजादी से पहले की इमारत, अब हादसे का इंतजार?
शहर के छोटापारा स्थित प्राथमिक शाला का भवन आजादी से पहले का बताया जा रहा है। खपरैल से बनी इस पुरानी इमारत की हालत बेहद खराब है। छत से खपरैल गिरने का खतरा बना हुआ है और स्कूल परिसर में छोटे बच्चे खेलते रहते हैं। भवन को तोड़कर नया निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार होने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।

दलदलसिवनी: सिर के ऊपर से टूट रहा प्लास्टर
दलदलसिवनी के प्राथमिक स्कूल में भी बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। कक्षाओं की छत से प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है। बदहाल शौचालय और परिसर में मौजूद जर्जर भवन स्कूल प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। खतरनाक घोषित किए गए पुराने भवन को हटाने की कार्रवाई भी अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
मठपुरैना: छत से बाहर निकली लोहे की छड़ें
मठपुरैना सरकारी स्कूल की पुरानी इमारत भी लंबे समय से जर्जर है। छत से लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं। भवन की स्थिति को देखते हुए इसे तोड़ने का प्रस्ताव बनाया गया था, लेकिन प्रशासनिक प्रक्रिया में मामला अटका हुआ है। ऐसे में यह इमारत बच्चों और स्कूल स्टाफ के लिए खतरा बनी हुई है।
संत कंवर राम स्कूल: दरारों के बीच चल रही पढ़ाई
संत कंवर राम शासकीय शाला का भवन भी बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। दीवारों और छतों में दरारें साफ दिखाई देती हैं। यहां चार कक्षाओं को तोड़ने का प्रस्ताव लंबित है। इसके बावजूद जर्जर कमरों को हटाने के लिए अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
47 लाख का बजट, 105 स्कूलों की मरम्मत का दावा
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार जिले के 105 स्कूलों के रखरखाव और मरम्मत के लिए 47 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी एम. सतीश नायर ने बताया कि स्वीकृत राशि जनपद पंचायतों के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायतों को भेज दी गई है। स्कूलों का समय पर मेंटेनेंस कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बड़ा सवाल: हादसे के बाद ही जागेगा प्रशासन?
जब जर्जर स्कूल भवनों की जानकारी विभाग के पास है, मरम्मत के लिए बजट भी स्वीकृत है और 134 भवनों को तोड़ने के लिए चिह्नित भी किया जा चुका है, तो फिर कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से इन भवनों का तत्काल निरीक्षण, खतरनाक कमरों को खाली कराने और जर्जर ढांचों को हटाने की जरूरत है।
