बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में एक ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक बटनदार चाकू समेत घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत ढाबे में एक मोबाइल फोन गुम होने के बाद हुई। मोबाइल की तलाश के दौरान आरोपी पक्ष ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, जिसे लेकर ढाबा संचालक और आरोपियों के बीच कहासुनी हो गई। मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे मुख्य आरोपी अपने पांच साथियों के साथ दोबारा ढाबे पर पहुंचा। वहां पहुंचते ही सभी ने ढाबा संचालक इस्माइल खान उर्फ सोनू और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया और आरोपियों ने संचालक व कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर पेट्रोल छिड़क दिया और लाइटर से आग लगाकर उन्हें जिंदा जलाने का प्रयास किया। जब पीड़ितों ने विरोध किया तो आरोपियों ने बटनदार चाकू लहराते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बटनदार चाकू और घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल कर रही है।
