
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में बिदर त्योहार के दौरान खूनी झड़प का मामला सामने आया है। यहां लाठी-डंडों से हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान शैलेष राठौर के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि त्योहार के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में शैलेष राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। शुरुआती जानकारी में पुरानी रंजिश को विवाद की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट होगी।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस विवाद की शुरुआत, हमले में शामिल लोगों और हत्या की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।
