Homeअन्य खबरेवन महोत्सव के अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया व्यापक वृक्षारोपण...

वन महोत्सव के अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया व्यापक वृक्षारोपण का आह्वान

बिलासपुर। वन महोत्सव के अवसर पर श्री सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रकृति वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम वन मंडलाधिकारी (DFO) नीरज ने संबोधित करते हुए वन विभाग की विभिन्न गतिविधियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण एवं उनके संरक्षण पर बल दिया तथा विभागीय योजनाओं में नागरिक सहभागिता को आवश्यक बताया।

इसके पश्चात मुख्य वन संरक्षक (CCF) मनोज पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि जैव विविधता का संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने वनों के सतत प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण एवं पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वन विभाग निरंतर वैज्ञानिक पद्धति से वृक्षारोपण एवं संरक्षण कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।

इसके बाद कुलपति वी.के सारस्वत ने अपने उद्बोधन में कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर्यावरण जागरूकता फैलाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल अध्ययन तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण के सक्रिय सहभागी बनें और हरित जीवनशैली को अपनाएं।

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाले समय में क्षेत्र को हरित एवं समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक पौधारोपण अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “वन केवल प्राकृतिक संपदा नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वन संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में सतत कार्य कर रही है तथा जनसहभागिता से इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts