
बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल के भीतर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में बंद एक बंदी की जेल परिसर के अंदर ही हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

मृतक की पहचान नीलू जगत (निवासी दबनपुर, कोटा) के रूप में हुई है, जो वर्ष 2024 से नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हत्या का आरोप राजेश राय (निवासी चमारी, जिला मुंगेली) पर है, जो करीब 17 वर्षों से तिहरे हत्याकांड के मामले में सजा काट रहा है।

बताया जा रहा है कि घटना जेल के ई-1 वार्ड में हुई, जिसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों के लिए आरक्षित किया गया है। आरोपी राजेश राय भी मानसिक बीमारी से ग्रसित बताया जा रहा है। दोनों बंदी एक ही बैरक में रखे गए थे। इसी दौरान राजेश राय ने कथित तौर पर नाली के स्लैब से हमला कर नीलू जगत का सिर कुचल दिया।

घटना के समय आसपास मौजूद अन्य बंदियों ने बीच-बचाव कर घायल बंदी को बचाने की कोशिश की और तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली बिलासपुर सेंट्रल जेल के अंदर हुई इस हत्या ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा। सेंट्रल जेल बिलासपुर के जेल अधीक्षक खोमेंद्र मंडावी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
