
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। रामसागर पारा में रविवार देर रात डीजे ऑपरेटर रवि यादव (22) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक पर जानलेवा हमला किया। हमले में रवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आया उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, रवि यादव और महेंद्र गंगवानी के बीच करीब एक सप्ताह पहले इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवाद हुआ था। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और इसकी शिकायत थाने तक पहुंची। पुलिस हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि रविवार रात रवि किसी कार्यक्रम से लौट रहा था। रामसागर पारा में उसकी मुलाकात महेंद्र से हो गई, जिसके बाद दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि महेंद्र ने अपने नाबालिग बेटे और साथियों को बुलाकर रवि पर हमला करवा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों के पास चाकू, लाठी और ईंटें थीं। उन्होंने रवि के सिर और शरीर पर लगातार वार किए। गंभीर चोटों के कारण वह सड़क पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वहीं उसे बचाने पहुंचे उसके दोस्त पर भी हमला किया गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ भी की।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में कथित मास्टरमाइंड सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इंस्टाग्राम विवाद की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
