Friday, June 19, 2026
Homeअजब गजबहवा भरते समय फटा जेसीबी का टायर, हेल्पर की मौत, धमाके से...

हवा भरते समय फटा जेसीबी का टायर, हेल्पर की मौत, धमाके से 15 फिट हवा में उछलकर दूर जा गिरे, 3 घायल, देखिए LIVE वीडियो…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में निर्माणाधीन कॉलोनी में जेसीबी के टायर में हवा भरते समय हुए जोरदार विस्फोट ने एक युवक की जान ले ली, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट प्रोजेक्ट में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, पंचर होने के बाद जेसीबी के टायर की मरम्मत की जा रही थी। टायर में हवा भरने के दौरान कुछ लोग उसके ऊपर बैठे हुए थे और अन्य पास में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ टायर फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि टायर पर बैठे लोग 10 से 15 फीट तक हवा में उछल गए, जबकि टायर का लोहे का डिस्क करीब 30 से 40 फीट दूर जाकर गिरा।

हादसे में सीपत निवासी उमाकांत कौशिक (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं जेसीबी ऑपरेटर, मैकेनिक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक के चचेरे भाई डीलेंद्र कौशिक ने बताया कि टायर की मरम्मत के दौरान कई लोग उसके ऊपर बैठे हुए थे। अचानक हुए ब्लास्ट में उमाकांत करीब 10-15 फीट दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान चली गई।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी कारणों से हुआ या सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई थी। यह हादसा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों के पालन और भारी वाहनों के टायरों की मरम्मत के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts