
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। जहां सोने को लेकर हुए विवाद में चाचा ने अपने ही भतीजे की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमित केवट के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

सीने पर चाकू से किया वार, भतीजे की मौत
जानकारी के मुताबिक, घटना अपोलो अस्पताल के पास लिंगियाडीह इलाके की है। बताया जा रहा है कि चाचा और भतीजे के बीच सोने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी चाचा ने कथित तौर पर अमित के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

रात 11 से 12 बजे के बीच की घटना
पुलिस के अनुसार, वारदात रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी चाचा को हिरासत में ले लिया गया है।

सोने को लेकर विवाद बना हत्या की वजह?
फिलहाल, सोने को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, विवाद की असली वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
