Homeअन्य खबरेसांड का आतंक, 15 लोगों पर हमला... गोद में बच्चा लिए बुजुर्ग...

सांड का आतंक, 15 लोगों पर हमला… गोद में बच्चा लिए बुजुर्ग को दौड़ा-दौड़ाकर मारा, कांग्रेस नेता भी घायल, देखें वीडियो…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सांड ने जमकर आतंक मचाया। डीडी नगर इलाके में सांड ने सड़क पर आने-जाने वाले करीब 15 लोगों पर हमला कर दिया। घायलों में कांग्रेस की पूर्व महिला अध्यक्ष कल्पना पटेल भी शामिल हैं। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांड एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर मारता दिखाई दे रहा है।

सबसे खौफनाक घटना सेक्टर-2 में हुई। यहां देवनारायण शर्मा अपने एक साल के पोते को गोद में लेकर घर के बाहर खड़े थे। तभी सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग संभल नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं कांग्रेस नेता कल्पना पटेल को भी सांड के हमले में चोटें आई हैं। उन्हें बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई इलाकों में मचाया उत्पात

बताया जा रहा है कि सांड ने कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर क्षेत्र में लोगों को निशाना बनाया। लगातार हमलों से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना के बाद नगर निगम की टीम काउ कैचर लेकर मौके पर पहुंची, लेकिन कई घंटे की कोशिश के बाद भी सांड को पकड़ नहीं सकी। इसके बाद वन विभाग और जंगल सफारी की टीम को बुलाया गया। पशु चिकित्सक डॉ. दिनेश पटेल की मौजूदगी में ट्रैंक्विलाइजर गन से सांड को बेहोश किया गया। बाद में उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लेकर नगर निगम के अधिकारियों को सौंप दिया गया।

रेबीज की आशंका, इसलिए हुआ आक्रामक?

गौ सेवक अमित पाण्डेय के मुताबिक, करीब दो महीने पहले इस सांड को एक कुत्ते ने काटा था। इसके बाद से उसके आक्रामक व्यवहार की बात सामने आ रही है। हालांकि, सांड को रेबीज है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई?

घटना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में क्षेत्र की स्थिति पर सवाल उठाते हुए भाजपा विधायक राजेश मूणत के कार्यकाल में व्यवस्था पर चिंता जताई।

स्थानीय लोगों का दावा है कि आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर पार्षद से करीब 50 बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। सांड के रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन घटना ने शहर में आवारा मवेशियों की समस्या पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts