
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, डौंडी नगर के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ चिपरा गांव में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के हिंदू होटल के पास उनकी स्विफ्ट कार (CG 07 BM 1040) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई।

हादसे में बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई हुई थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। दल्लीराजहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
