
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की फांसी लगाने से मौत के बाद मामला चर्चा में है। मृतका की पहचान जौनपुर निवासी रवीना यादव के रूप में हुई है, जिसकी करीब डेढ़ साल पहले विपुल यादव से शादी हुई थी। मायके पक्ष ने पति के कथित प्रेम संबंध को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

परिजनों के अनुसार, 14 अगस्त की रात पति-पत्नी के बीच कथित प्रेम संबंध को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद पति रवीना को कमरे में छोड़कर बाहर चला गया। परिजनों का दावा है कि रवीना ने देर रात पति को कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इससे वह काफी तनाव में थी।

इसके बाद रवीना ने कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी अगले दिन मायके पक्ष को मिली, जिसके बाद जौनपुर से परिजन दुर्ग पहुंचे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। नवविवाहिता की मौत को देखते हुए पंचनामा महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया। 16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए।
फिलहाल उतई पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और कथित प्रेम संबंध समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
