रायपुर में 2 घंटे में डबल मर्डर, गैंगवार का मामला गरमाया/
शराब दुकान में विवाद के बाद रोहित सागर की हत्या/

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में स्थित आमासिवनी की विदेशी शराब दुकान में खाने-पीने के दौरान विवाद हुआ। इसी दौरान हरीश गैंग के लड़कों ने रोहित सागर पर चाकू और लाठियों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना शराब दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर चाकू और लाठी से वार करते दिखाई दे रहे हैं।

बदला लेने के लिए हरीश साहू की बेरहमी से हत्या
रोहित सागर की हत्या की खबर मिलते ही उसकी गैंग के लड़के आक्रोशित हो गए। करीब 25-30 लोग मिनी ट्रक से आमासिवनी इलाके में पहुंचे और हरीश को घर से घसीटकर बाहर निकाला। उसे 3 किलोमीटर दूर खालबाड़ा ले जाकर कुर्सी पर बांधा और जमकर पिटाई की। फिर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
2 घंटे के भीतर 2 हत्याएं, इलाके में दहशत
पहली हत्या रात 8-9 बजे के बीच हुई। पुलिस जांच में ही जुटी थी कि दो घंटे बाद दूसरा मर्डर हो गया। दोनों हत्याओं ने इलाके में तनाव फैला दिया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेजा।
गैंगवार से इलाके में सनसनी, सीसीटीवी फुटेज आया सामने
शराब दुकान में हुए विवाद और हमले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में चाकू पकड़े हुए युवक हरीश साहू को देखा जा सकता है, जो बाद में खुद मारा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पूरी घटना इलाके में लंबे समय से चल रहे गैंगवार का नतीजा है।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के आरोपियों पर पहले से गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हरीश साहू और रोहित सागर पर मारपीट, धमकी देने जैसे आरोप पहले भी लगे थे। फिलहाल 2-3 संदिग्ध हिरासत में हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
स्थानीय पार्षद ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया
स्थानीय पार्षद गोपेश कुमार साहू ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े समूह का किडनैप और हत्या जैसी घटना करना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
इलाजरत हैं कुछ घायल, जांच जारी
गैंगवार में घायल हुए दोनों पक्षों के 2-3 लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
