
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात कराने के गंभीर मामले में पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने नाबालिग की उम्र की जानकारी होने के बावजूद उसका गर्भपात कराया। इतना ही नहीं, गर्भपात के बाद भ्रूण को अहम साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट करने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर ने नाबालिग के साथ हुए अपराध की जानकारी भी पुलिस को नहीं दी थी। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, बुधवारी निवासी गणेश सोनी (30) ने दिसंबर 2023 से शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान बालिका गर्भवती हो गई। आरोप है कि इसके बाद गणेश सोनी ने एक महिला डॉक्टर की मदद से अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया।

जांच में सामने आई महिला डॉक्टर की भूमिका
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने गर्भपात कराने में शामिल महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43), निवासी उसलापुर से पूछताछ की। जांच में डॉक्टर की संलिप्तता से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। आरोप है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा डॉक्टर ने नाबालिग के साथ हुए अपराध की जानकारी पुलिस को भी नहीं दी।

पहले युवक की गिरफ्तारी, अब डॉक्टर पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों की तलाश और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी गणेश सोनी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
वहीं, महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
