Wednesday, February 11, 2026
Homeअन्य खबरेछत्तीसगढ़ की जेलों में कैदियों का गंगाजल से सामूहिक स्नान, महाकुंभ से...

छत्तीसगढ़ की जेलों में कैदियों का गंगाजल से सामूहिक स्नान, महाकुंभ से लाया गया गंगाजल, कैदियों को आध्यात्मिक शुद्धि का अवसर…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में कैदियों के लिए एक अनूठी पहल की गई, जिसमें उन्हें महाकुंभ से लाए गए गंगाजल से सामूहिक स्नान कराया गया. रायपुर सेंट्रल जेल समेत राज्य की 5 सेंट्रल जेल, 20 जिला जेल और 8 सब-जेल में इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर यह विशेष आयोजन हुआ, जिसमें कैदियों को आत्मशुद्धि और नैतिक उत्थान का अवसर प्रदान किया गया।

बिलासपुर और कबीरधाम की जेलों में भी हुआ विशेष आयोजन

बिलासपुर और कबीरधाम जिले की जेलों में भी इस कार्यक्रम के तहत कैदियों को गंगाजल से स्नान कराया गया. कबीरधाम की जिला जेल में इस अवसर पर विशेष तैयारियां की गईं, जिसमें 237 कैदियों ने गंगाजल से स्नान किया. इस दौरान जेल प्रशासन ने कैदियों को आध्यात्मिक और मानसिक शांति प्राप्त करने के महत्व पर जागरूक किया।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने महाकुंभ से लाया था गंगाजल

इस गंगाजल को हाल ही में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने महाकुंभ से लाकर जेलों में वितरित किया. कैदियों ने इस आयोजन में भाग लेकर आत्मिक शांति की अनुभूति की और इसे अपने सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कैदियों के पुनर्वास और सुधार की दिशा में अहम कदम – डिप्टी सीएम

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करेगी, जिससे कैदियों में सुधार हो और समाज में उन्हें पुनः एक सम्मानजनक स्थान मिल सके. यह पहल केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक उत्थान का जरिया भी है, जिससे कैदियों को सुधार और आत्मविश्वास की नई राह मिलेगी।

राज्यभर की जेलों में आध्यात्मिक सुधार की नई पहल

गंगाजल स्नान कार्यक्रम को अब और विस्तार दिया गया है. रायपुर, बिलासपुर, कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की 5 सेंट्रल जेल, 20 जिला जेल और 8 सब-जेल में इस आयोजन से कैदियों को आध्यात्मिक लाभ मिल रहा है. राज्य सरकार की यह पहल जेलों में सुधार और पुनर्वास की नीति को दर्शाती है, जिससे कैदी सजा के बाद समाज में सम्मानपूर्वक पुनः जीवन शुरू कर सकें।

इस पहल से राज्य की जेलों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा, और कैदियों को समाज में फिर से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts