
बिलासपुर। बिलासपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। भीषण गर्मी में जब शहरवासी रात के समय बिजली कटौती से बेहाल हैं, तब राजकिशोर नगर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में कुछ कर्मचारी आराम से गहरी नींद लेते नजर आए। वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब आम लोग पसीने से तर-बतर हो रहे थे, तब जिम्मेदार अफसर एयर कूलर वाले कमरे में खर्राटे मार रहे थे। यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी है और सोशल मीडिया पर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
दरअसल, बिजली गुल होने की समस्या से राजकिशोर नगर के रहवासी बार-बार बिजली कार्यालय में फोन लगा रहे थे। लेकिन कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आने पर लोग कार्यालय पहुंचे। उनके आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा, जब फोन की घंटी की परवाह किए बगैर कर्मचारी खर्राटे मारते नजर आए। लोगों ने तुरंत इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। अब लोगों को इंतजार है कि कब बिजली विभाग के अधिकारी ऐसे कामचोर आरामतलब कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हैं।
