कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के तराईडांड गांव में देर रात हथियारों से लैस 10 से 15 बदमाशों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और डेढ़ लाख रुपए नगद व कीमती गहने लूटकर फरार हो गए।

रस्सी से बांध दिया पूरा परिवार
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित शत्रुघ्न दास अपने परिवार के 11 सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। तभी रात करीब 1 बजे बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुसे और सभी को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उन्होंने घर में रखे नगद और सोने-चांदी के जेवर समेट लिए और मौके से फरार हो गए।

गांव में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
बदमाशों के जाने के बाद परिवार ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और गांव वालों को सूचना दी। वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों की तलाश तेज
बालको थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
