
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में बुधवार को एक पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा टल गया। साल्हेवारा स्थित मां बंजारी फ्यूल सेंटर पर पेट्रोल डलवाने के तुरंत बाद बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि युवक जैसे ही बाइक स्टार्ट करने लगा, उसी वक्त बाइक की टंकी में धमाका (Bike Blast At Petrol Pump) हो गया और देखते ही देखते पूरी बाइक आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए फायर सिलेंडर से तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पेट्रोल भरवाने के बाद बाइक स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था, तभी प्लग वायर के पास से चिंगारी निकली। चिंगारी पेट्रोल टंकी से उठ रही गैस के संपर्क में आते ही आग का रूप ले ली और पलभर में बाइक धू-धूकर जल उठी। युवक ने जैसे-तैसे कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि आसपास मौजूद लोग डर के मारे दूर भाग गए। मौके पर कुछ सेकंड के लिए हड़कंप मच गया और लोग हादसे की आशंका से सहम गए।
पेट्रोल पंप कर्मियों ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए सुरक्षा उपकरणों की मदद से आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया। अगर आग कुछ ही सेकंड और भड़कती, तो वहां खड़ी अन्य गाड़ियों और पंप की टंकी में बड़ा विस्फोट हो सकता था। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।

फ्यूल सेंटर प्रबंधन ने बताया कि यह हादसा बाइक की तकनीकी खराबी के कारण हुआ है। फिलहाल बाइक को जला हुआ हालत में कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के मौसम में वाहन के इलेक्ट्रिक पार्ट्स में नमी या ढीला कनेक्शन होने पर चिंगारी की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए पेट्रोल पंप पर इंजन स्टार्ट करने से पहले सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
यह घटना लोगों के लिए एक चेतावनी है कि पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। इंजन को पूरी तरह बंद रखें, मोबाइल फोन का उपयोग न करें और बाइक या कार को स्टार्ट करने से पहले पूरी तरह सुरक्षित दूरी बना लें, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
