
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मंगलवार-बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई। नेशनल हाइवे-49 पर सुकली के पास तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में भारतीय सेना के दो जवान भी शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक हादसा रात करीब 1 बजे हुआ, जब रायगढ़ से बिलासपुर की ओर जा रहा ट्रक सामने से आ रही स्कॉर्पियो से भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। कार के दरवाजे और शीशों पर खून के निशान भी मिले हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान विश्वनाथ देवागन, पोमेश्वर जलतारे, भूपेंद्र साहू, कमलनयन साहू और राजेंद्र कश्यप के रूप में हुई है। सभी नवागढ़ के शांति नगर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
बारात से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सभी लोग पंतोरा में एक दोस्त की शादी में शामिल होकर स्कॉर्पियो से नवागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सुकली के पास उनकी गाड़ी ट्रक से टकरा गई और पांचों की जान चली गई।
8 दिन पहले हुई थी जवान की शादी
मृतकों में शामिल राजेंद्र कश्यप और पोमेश्वर जलतारे भारतीय सेना में पदस्थ थे। राजेंद्र कश्यप हाल ही में दो महीने की छुट्टी पर घर आया था और उसकी महज 8 दिन पहले ही शादी हुई थी। दोनों जवान शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने गांव लौटे थे।


