
बिलासपुर। जमुना प्रसाद वर्मा कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में संविधान दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. श्याम लाल निराला तथा सभी संकाय सदस्यों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर की गई।

अपने प्रेरक संबोधन में प्राचार्य डॉ. निराला ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन प्रणाली का आधार भर नहीं है, बल्कि यह देश की आत्मा है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे मूल्यों का मार्गदर्शन प्रदान करता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों—लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय—को अपने दैनिक व्यवहार में अपनाएँ और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें।

कार्यक्रम के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी गई। पूरे आयोजन का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. माया यादव ने किया।
