
रायपुर। नवा रायपुर में होने वाले वनडे मुकाबले को लेकर राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम कर लिए गए हैं। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली समेत टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका की टीम आज शाम रायपुर पहुंचने वाली है।2 दिसंबर को दोनों टीमों का प्रैक्टिस सेशन निर्धारित है, जबकि 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर दर्शकों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और लगभग सभी टिकटें ऑनलाइन बिक चुकी हैं।

वीआईपी रूट और पुलिस की कड़ी निगरानी
खिलाड़ियों की मूवमेंट को देखते हुए एयरपोर्ट से होटल व स्टेडियम तक विशेष वीआईपी रूट तय किया गया है। रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों की बैठक भी ली।
मैच के दौरान 3,000 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। एयरपोर्ट, होटल और स्टेडियम परिसर में सुरक्षा का कड़ा घेरा रहेगा।
पिछले वनडे मैच में एक दर्शक द्वारा मैदान में घुस जाने की घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए अतिरिक्त फोर्स और बैरिकेटिंग की व्यवस्था की गई है।

खिलाड़ियों के लिए विशेष भोजन और सुविधाएँ
टीम इंडिया और अफ्रीका टीम के खिलाड़ी रायपुर के मेफेयर होटल में ठहरेंगे। खिलाड़ियों के लिए छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन के साथ-साथ उनकी पसंद और न्यूट्रिशन डाइट के मुताबिक विशेष मेन्यू तैयार किया जाएगा। खाना होटल से सीधे स्टेडियम पहुंचाया जाएगा।
मुंबई से विशेष लग्जरी बसें भी खिलाड़ियों के लिए रायपुर पहुंच चुकी हैं।
स्टेडियम में दर्शकों की सुविधा के लिए टूटी हुई कुर्सियों को बदला गया है और पूरे परिसर में सफाई व व्यवस्था सुधार दी गई है।

आज शाम चार्टर्ड फ्लाइट से रायपुर पहुंचेगी टीमें
सूत्रों के अनुसार, दोनों टीमें रांची से चार्टर्ड फ्लाइट द्वारा शाम करीब 4:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहाँ से वे सीधे होटल जाएँगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग स्क्वॉड
भारत:
केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
दक्षिण अफ्रीका:
टेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्क्रम, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, नांद्रे बर्गर, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, मार्को यानसन समेत अन्य खिलाड़ी।
