
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। एनएच-43 पर पतराटोली के पास एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना दुलदुला थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक चराईडांड़ क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले थे और किसी काम से लौट रहे थे। कार का ऊपर का हिस्सा पूरी तरह चपटा हो गया, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी जोरदार रही होगी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए दुलदुला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। थाना प्रभारी केके साहू ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

घटनास्थल से गुजरने वाले लोग भी इस मंजर को देखकर सहम गए। इलाके में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
अपडेट जारी…
