
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के नयनपुर क्षेत्र स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज में शनिवार को एक बड़ा और बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान अचानक कोल्ड स्टोरेज की एक दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही और इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

मृत मजदूरों की पहचान विफल (निवासी भटगांव), भोल सिंह (निवासी ग्राम डेडरी) और वेद सिंह (निवासी बेल्टिकरी भूमिहारपारा) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल मजदूर सुरेन्द्र, निवासी रामनगर, को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे कोल्ड स्टोरेज परिसर में रोजमर्रा की तरह मजदूर निर्माण और अन्य कार्यों में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक एक पुरानी दीवार कमजोर होकर ढह गई और उसके मलबे के नीचे चार मजदूर दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर दीवार की जर्जर हालत और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।मजदूरों की मौत से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और “कोल्ड स्टोरेज बंद करो” के नारे लगाए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता और मुआवजे का आश्वासन दिया गया है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक और निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
